सीतापुर। सदर तहसील के निबहरी मजरा नेरीकलां में बैंक शाखा के भवन के किराये को लेकर मकान मालिक और बैंक के बीच चल रहे विवाद में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने फैसला सुनाया है। न्यायालय ने बैंक की निगरानी याचिका आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए मकान मालिक बांकेलाल यादव को कुल 94,281 रुपये किराया और हर्जाने के रूप में अदा करने का आदेश दिया है। बैंक को यह धनराशि आदेश की तिथि से 60 दिनों के भीतर भुगतान करनी होगी।
मामले के अनुसार, बांकेलाल यादव ने 26 जुलाई 2004 को तत्कालीन इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के साथ नेरीकलां स्थित 900 वर्गफुट के भवन को बैंक शाखा के संचालन के लिए किराये पर देने का अनुबंध किया था। अनुबंध की अवधि 10 वर्ष निर्धारित थी। अवधि समाप्त होने के बाद भी बैंक 1,488 रुपये प्रतिमाह की दर से किराया देता रहा और 31 अक्तूबर 2018 तक भवन का उपयोग करता रहा।
अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद मकान मालिक ने किराया बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की थी। भुगतान को लेकर सहमति नहीं बनने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। लघुवाद न्यायालय ने 8 अगस्त 2024 को बैंक को 8,82,483 रुपये भुगतान करने का आदेश दिया था।
इस आदेश को बैंक ने अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-1 में चुनौती दी। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने पाया कि मकान मालिक की ओर से पांच हजार रुपये प्रतिमाह किराया निर्धारित किए जाने के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए। बैंक की ओर से पूर्व निर्धारित किराये में प्रत्येक दो वर्ष पर 20 प्रतिशत की वृद्धि के आधार पर भुगतान तय करना न्यायसंगत माना गया।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र सिंह ने 27 नवंबर को निगरानी याचिका आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए 26 जुलाई 2014 से अगले दो वर्षों के लिए 42,855 रुपये और 26 जुलाई 2016 से 31 अक्तूबर 2018 तक की अवधि के लिए 51,426 रुपये भुगतान करने का आदेश दिया। इस तरह बैंक को कुल 94,281 रुपये 60 दिनों के भीतर अदा करने होंगे।