हरगांव में भुगतान न मिलने से नाराज खाताधारकों ने शुक्रवार को जिला सहकारी बैंक के बाहर प्रदर्शन किया और खातों में जमा धनराशि निकासी की मांग की।
क्षेत्र के जिला सहकारी बैंक में किसानों के खाते खुले हैं। वर्तमान समय में सहकारी बैंक की हालत खस्ताहाल है। किसानों के गन्ना भुगतान का पेमेंट खातों में आने के बाद भी किसानों को भुगतान नहीं मिल पा रहा है।
कई-कई दिन भागदौड़ के बाद भी किसानों को भुगतान नहीं मिल रहा है। आरोप है कि बैक में रुपया होने की बात कही जा रही है। जबकि वीआईपी लोगों को भुगतान किया जा रहा है।
किसान व खाताधारक प्रकाश, मोती लाल, अनिल, राजेंद्र आदि ने बताया वह महीनों से चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन भुगतान नहीं मिल रहा है। शुक्रवार को नाराज उपभोक्ताओं ने बैक के बाहर प्रदर्शन किया।
जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और खाताधारकों को समझाया, तब कहीं जाकर वह माने। बैंक मैनेजर अवनीश कुमार ने बताया कि बैंक की हालत दयनीय है। बैंक की स्थिति पांच हजार रुपये किसान भुगतान की है। खाताधारकों को पैसे दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।