सीतापुर। सीतापुर में विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट पद पर तैनात आलोक मिश्र के पुत्र वैभव का बैग निजी एयरलाइंस की लापरवाही से गायब हो गया है। वैभव मिश्र विगत 4 जनवरी को इंडिगो की फ्लाइट से लखनऊ से मैसूर गए थे। वहां उनका एनडीए का एसएसबी इंटरव्यू प्रस्तावित था।
मैसूर में वैभव के उतरने पर उनका बैग नहीं मिला। उनके बैग में जरूरी कागजात व अन्य उपयोगी सामान भी था। काफी खोज बीन के बाद भी बैग का कुछ पता नहीं चला। वहीं दूसरी ओर इंडिगो एयरलाइंस के लखनऊ कार्यालय के स्टेशन मैनेजर ने आश्वस्त किया है कि बैग तलाशकर उनको जल्द लौटा दिया जाएगा।
पीड़ित वैभव के अनुसार एयरलाइंस की उड़ानों के गंतव्य तक पहुंचने के बाद भी यात्रियों का सामान नहीं मिलता है। पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं लगातार होती रही रही हैं। हाल ही में एयरलाइंस की उड़ान से केरल से लखनऊ पहुंचे न्यायमूर्ति का सूटकेस गायब हो गया था।