सीतापुर। मछरेहटा विकासखंड की ग्राम पंचायत रालामऊ में पंचायत भवन में बने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। सोमवार को पंचायत भवन में ताला लटकता रहा और आरोग्य मंदिर बंद रहा। इससे तमाम मरीज बिना इलाज के ही लौट गए। वहीं, पंचायत भवन में ग्रामीणों के अन्य जरूरी काम भी नहीं हो सके।
पंचायत भवन के अंदर ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर बना हुआ है। सोमवार को मरीज यहां पर इलाज के लिए पहुंचे, लेकिन ताला लगा होने से कारण मायूस होकर लौट गए। गांव के राहुल ने बताया कि खांसी की दवा लेने आए थे, लेकिन आरोग्य मंदिर बंद होने के कारण प्राइवेट में इलाज करवाना पड़ा। सीएचसी करीब 12 किलोमीटर दूर है। पंचायत भवन में ताला लगे होने के कारण लोगों को ब्लॉक मुख्यालय जाना पड़ा।