अब तक अपनी मनमर्जी से सड़कों पर फर्राटा भरने वाले आटो रिक्शा, मैजिक व टैम्पो की आजादी पर जल्द ही अंकुश लगने जा रहा है। अब परिवहन विभाग द्वारा तय किए गए स्टैंडों से ही आटो रिक्शा, मैजिक व विक्रम चल सकेंगे। दरअसल स्मार्ट सिटी घोषित होने से शहर में परिवहन व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विभाग ने खाका तैयार किया है।
जिसके तहत आटो रिक्शा चलाने वालों के लिए बाकायदा शहर के बाहर स्टैंड के लिए स्थान चिन्हित किए गए हैं। बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहन इन्हीं स्टैंडों पर रुक कर सवारी भरेंगे और अपने गंतव्य के लिए रवाना हाेंगे। परिवहन विभाग के मुताबिक महोली से शहर को आने वाले वाहनों के लिए काशीराम कॉलोनी के सामने स्टैंड बनाया जाएगा।
महोली से आने के बाद वाहन यहीं पर रोक दिए जाएंगे। इसके अलावा मिश्रिख से आने वाले वाहनों का स्टैंड नवीन चौक के दक्षिण मिश्रिख मार्ग पर बनाया जाएगा। काजी कमालपुर, एलिया आदि से आने वाले वाहनों को शहर मेें प्रवेश न देकर उन्हें श्यामनाथ के आगे रेलवे क्रासिंग के पास रोका जाएगा। यहीं पर बनाए गए स्टैंड से इन वाहनों का संचालन होगा।
इसी तरह बिसवां, कमलापुर, सिधौली व मछरेहटा से आने वाले वाहनों को वैदेही वाटिका के पास बनाए जाने वाले स्टैंड पर रोका जाएगा। हरगांव, कसरैला की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी शहर में नो इंट्री होगी। इनको नैपालापुर चौराहे से पहले ही स्टैंड पर रोक दिया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की होगी नो इंट्री
परिवहन विभाग द्वारा वाहन संचालन के लिए तय की गई नई कार्य योजना के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले वाहनों की शहर में नो इंट्री होगी। इन्हें शहर के बाहर ही रोक दिया जाएगा। विशेष परिस्थितियों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र का कोई भी वाहन शहर में नहीं घुसने दिया जाएगा। नियम विरुद्घ वाहनों को शहर के अंदर ले जाने वालों से परिवहन विभाग सख्ती से निपटेगा। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई भी हो सकती है।
ग्रामीण क्षेत्रों के वाहनों का केंद्र कोड तय
परिवहन विभाग ने जिले की परिवहन व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कई बदलाव किए हैं। विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने वाले वाहनों के लिए बाकायदा केंद्र कोड तय कर दिए हैं। सिधौली का केंद्र कोड-8 तय किया गया है। इसी तरह महमूदाबाद का केंद्र कोड-9, बिसवां का 10, मिश्रिख का 11, महोली का 12, हरगांव का 14 केंद्र कोड तय किया गया है। इसी प्रकार सीतापुर का 32 केंद्र कोड तय किया गया है।