कुतुबनगर (सीतापुर)। पिसावां इलाके में सोमवार को गांव के बाहर आम बीनने के दौरान बारिश के बीच बिजली गिरने से एक युवती की झुलसकर मौत हो गई। उसकी भतीजी व एक अन्य युवती झुलस गईं। सूचना पर पुलिस और राजस्व की टीम मौके पर पहुंची। मृतका के परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे। युवती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिसावां इलाके के टेनी निवासी नीलम (19), अपनी भतीजी दीपांशी (6) और गांव की अंजली (18) के साथ सोमवार को गांव के बाहर आम बीनने गई थी। इस दौरान तेज बारिश होने लगी और बादल गरजने लगे। इस बीच पेड़ पर बिजली गिरी, इससे तीनों उसकी चपेट में आ गईं। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे। तीनों गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन मौके पर ही नीलम की मौत हो गई, जबकि उसकी भतीजी दीपांशी सदमे में है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अंजली की हालत को नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और राजस्व की टीम मौके पर पहुंची। मृतका के परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे। इसलिए लिखित में तहरीर दी है। पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि परिवार पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं था। युवती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद दीपांशी काफी डरी हुई है।