कसमंडा के प्राथमिक विद्यालय सधना का निरीक्षण के दौरान एमडीएम खाते बीईओ संतोष कुमार।
कमलापुर/सीतापुर। कसमंडा विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय संधना का बृहस्पतिवार को एबीएसए संतोष कुमार मिश्रा ने निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता के साथ मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी परखी। बच्चों के साथ चटाई पर बैठकर उन्होंने मध्यान्ह भोजन में बनी दाल-रोटी खाई।
उन्होंने कायाकल्प को शत-प्रतिशत संतृप्त करने, सर्दी के मौसम में बच्चों के अभिभावकों द्वारा स्वेटर क्रय करने, संदर्शिका आधारित शिक्षण करने, बच्चों को नियमित गृह कार्य देने और उनकी जांच करने, नियमित कार्य पुस्तिका ट्रेकर भरने, निपुण एप से आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षा में प्रिंट रिच सामग्री, गणित किट के नियमित अनुप्रयोग, अभिभावकों से संपर्क करने, बच्चों की बेहतर उपस्थिति पर स्टार ऑफ द मंथ देकर सम्मान करने और उनका जन्म दिवस मनाकर उत्साहित करने के साथ शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को गतिशील और परिणाम आधारित बनाने के निर्देश प्रधानाध्यापिका पुष्पा रावत को दिए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय गिरधरपुर, प्राथमिक विद्यालय भिठहरा, प्राथमिक विद्यालय बंशीपुर एवं कंपोजिट विद्यालय बरेठी का भी निरीक्षण किया।