सहायक निदेशक का गांव में हुआ स्वागत।
खैराबाद (सीतापुर)। मोहकमपुर मजरा मखुवापुर निवासी जयकार सिंह सहायक निदेशक, कृषि बनने के बाद पहली बार इस रक्षाबंधन पर अपने पैतृक गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। जयकार सिंह की भर्ती 18 फरवरी 2025 को कृषि निदेशालय पटना (बिहार) में सहायक निदेशक के पद पर हुई थी। बिसवां-खैराबाद मार्ग पर विसुननगर चौराहे पर सैकड़ों ग्रामीणों ने एकत्र होकर गाजे-बाजे के साथ फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
वहां से पैदल अबीर-गुलाल उड़ाते हुए ग्रामीण जुलूस लेकर गांव पहुंचे। जयकार इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को देते हैं। इनके पिता सुरेश कुमार यादव किसान और माता आशा देवी गृहिणी हैं।
बड़े भाई ओमकार एमएससी करने के बाद खेती में पिता का हाथ बंटाते हैं। दो बहनें सुनीता और पिंकी हैं। रक्षाबंधन पर भाई की कलाई में राखी बांधकर बेहद खुश नजर आईं। इस मौके पर रामसिंह, राम नरेश, रामेश्वर, राजवीर, जयवीर, कमलेश, रमेश आदि मौजूद रहे।