सीतापुर। रेउसा पुलिस ने चार गैंगस्टरों की 26.52 लाख रुपये की संपत्ति को जब्त किया है। पुलिस ने डीएम के आदेश पर कार्रवाई की है।
सोमवार को रेउसा पुलिस और प्रशासनिक टीम नें गैंगस्टर के आरोपी चकपुरवा मजरा चैनी भदमरा निवासी साजिद उर्फ वाजिद का गांव चकपुरवा में स्थित मकान और गांव बेहननपुरवा मजरा भौली निवासी वसीम, सहाबुद्दीन, सुफियान के एक-एक मकानों को जब्त किया गया।
इनकी कीमत 26 लाख 52 हजार 680 रुपये आंकी जा रही है। एसओ मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर गोकशी करने में माहिर हैं। इनके पास आय का कोई स्रोत नहीं था। न ही इतनी पैतृक संपत्ति थी, जिसकी आमदनी से वह इतने कम समय में इतनी मूल्यवान संपत्ति को खरीद सकें।
विवेचना के दौरान साक्ष्यों को जुटाने के बाद रिपोर्ट डीएम को सौंपी गई थी। डीएम के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।