धमेंद्र के साथ मो. असलम।
- फोटो : धमेंद्र के साथ मो. असलम।
महमूदाबाद। हिंदी सिनेमा जगत के लोकप्रिय अभिनेता धर्मेंद्र देओल के निधन से उनके प्रशंसकों को गहरा झटका लगा है। हर कोई उन्हें अपने-अपने तरीके से याद कर रहा है। दिग्गज अभिनेता के साथ काम कर चुके महमूदाबाद निवासी मो. असलम की आंखें भी ही मैन को याद करते हुए नम हो गईं।
मो. असलम को करीब तीन दशक पहले धर्मेंद्र के साथ काम करने का मौका मिला था। धर्मेंद्र के साथ अपनी तस्वीरों को देखते हुए मो. असलम भावुक हो जाते हैं। महमूदाबाद के कटरा वार्ड निवासी मो. असलम बचपन से ही फिल्मों के शौकीन रहे हैं। 1995 के इर्द-गिर्द उन्होंने मुम्बई को अपना ठिकाना बनाया। कानपुर में एड फिल्मों से सफर शुरू करते हुए असलम मुम्बई में प्रोडक्शन टीम में पहुंचे थे। उसी दरम्यान उन्हें धर्मेंद्र के साथ काम करने का मौका मिला।
असलम बताते हैं कि उनके मित्र इसरार अहमद फिल्म डायरेक्टर हैं। इसरार धर्म पाजी की फिल्में शूट करते थे। शाॅर्ट फिल्मों की शूटिंग के सिलसिले में धर्मेंद्र अक्सर सेट पर आया करते थे। असलम ने बताया कि धर्मेंद्र बेहद जिंदादिल इंसान थे। कभी छोटे-बड़े का भेदभाव नहीं करते थे। सेट पर काम करने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ खाना खा लेते थे। सभी के पास आकर बैठ जाते थे। सेट पर सबको हंसाया करते थे और अक्सर कहा करते थे कि जिंदगी खुलकर जीना चाहिए। धर्म पाजी के अंदर कभी घमंड नहीं रहा। असलम बताते हैं कि ऐसे व्यक्ति का इस तरह हमेशा के लिए चले जाना काफी कष्टप्रद है। वे हमेशा यादों में रहेंगे।