सीतापुर। करीब नौ माह पूर्व बाराबंकी जिले के थाना मोहम्मदपुर खाला इलाके में डकैती के दौरान गोली मारकर शिक्षक की हत्या करने के मामले में फरार चल रहे 15 हजार के इनामिया को तंबौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से असलहा-कारतूस बरामद हुई हैं।
एएसपी साउथ महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बाराबंकी के थाना मोहम्मदपुर खाला इलाके के गगौरा गांव में 10 जून 2019 को डकैती और देबियापुर गांव में डकैती के दौरान शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में शामिल दो बदमाशों को बाराबंकी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इस घटना में तंबौर इलाके के म्योढ़ीछोलहा निवासी रामचंदर भी शामिल था। जांच में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस उसके खिलाफ केेस दर्जकर गिरफ्तारी में जुटी थी लेकिन सुराग नहीं लग पा रहा था। बदमाश पर 15 हजार का इनाम रखा गया था।
सीओ बिसवां समर बहादुर सिंह ने बताया कि, सूचना मिलने पर तंबौर एसओ अमित भदौरिया ने एसआई जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबिल महिपाल सिंह, सिपाही रिंकू कुमार के साथ बदमाश को म्योढ़ीछोलहा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक असलहा-कारतूस बरामद हुई है। बदमाश को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।