सीतापुर। सीएम योगी के फरमान के बाद प्राइवेट बस अड्डे का अवैध संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। चालकों से वसूली कर बसों का संचालन कराने वाले एक शख्स के खिलाफ देहात कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार को जानकारी मिली थी कि श्यामनाथ चौराहे से गोला मार्ग पर बसों का संचालन कराने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। गोला, इमलिया सुल्तानपुर आदि गंतव्य स्थलों के लिए चलने वाली बसों से प्रति फेरा 40 रुपये के हिसाब से वसूली की जानकारी पुलिस को मिली थी।
गोपनीय जांच कराई गई, तो पता चला कि रेलवे क्राॅसिंग के पास से बसों का अवैध संचालन किया जा रहा है। कचनार चौकी के प्रभारी शशांक पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने आजाद खान निवासी मोहल्ला मुंशीगंज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बसों का अवैध संचालन कराने और इसके नाम पर वसूली किए जाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।