लहरपुर (सीतापुर)। कोचिंग जा रही छात्रा से एक मनचले ने सरेराह छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर मनचला धमकाते हुए भाग गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली व नगर के एक मोहल्ले में रहने वाली छात्रा शुक्रवार शाम अपनी सहेली के साथ कोचिंग जा रही थी। रास्ते में एक स्थानीय युवक वहाजुल हसन ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया। छात्रा के शोर मचाने पर मनचला धमकी देते हुए भाग निकला।
छात्रा ने घटना की जानकारी परिवारीजनों को दी। छात्रा के पिता ने आरोपी को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध छेड़छाड़ व पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। चौकी प्रभारी रोहित दुबे ने शनिवार को आरोपी को दबोच लिया गया।