प्रहलाद मोदी ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा लिए जाने वाले निर्णय ऐसे हैं, जैसे कोई पौधा आज लगाया गया हो और वह कई वर्ष के बाद फल दे। आज पूरा विश्व देश को एक सशक्त भारत की नजर से देख रहा है। मोदी की मेक इन इंडिया नीति भारत को विकास के पथ पर बहुत आगे लेकर जाएगी।
आज सेना का भी मनोबल बढ़ा हुआ है। म्यांमार में आतंकियों के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई इसकी बानगी है। विश्व की बड़ी शक्तियां जैसे अमेरिका, रूस, चीन जैसे देश भारत को कमजोर देशों की संख्या में नहीं आंकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत नेक नीयत रखता है। पड़ोसी मुल्क नेपाल में आई आपदा के दौरान यह देखने को भी मिला।
पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद व सीमा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा की जा रही गोलीबारी के सवाल पर वह बोले कि यह भारत की नीति का ही नतीजा है कि आज पूरे विश्व में पाकिस्तान अपने कर्मों से अलग-थलग पड़ गया है। सेना माकूल जवाब दे रही है।
15 साल में भाई से सिर्फ तीन बार मुलाकात
परिवार की बात आई, तो भी प्रहलाद भाई मोदी बेबाकी से बोले। कहा कि परिवार में सबसे बड़े भाई सोमा भाई, अमरुद्ध भाई के बाद नरेंद्र भाई हैं। उसके बाद मैं (प्रहलाद भाई मोदी), पंकज मोदी व बहन बसंती देवी हैं। नरेंद्र भाई देश सेवा के लिए 1970 में ही परिवार को छोड़कर चले गए थे। इधर 15 वर्षों में महज 3 बार ही उनसे मेरी मुलाकात हुई। यह मुलाकात भी समस्याओं के समाधान को लेकर हुई।
मैं तीन बार नरेंद्र भाई मोदी से मिलने गया, तो उसके पीछे कोटेदारों के हित की बात थी। कोटेदारों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ही नरेंद्र मोदी से बात की गई। इसकी एक वजह यह भी रही कि मैं खुद गुजरात प्रांत में कोटेदार हूं।