प्याज के साथ ही अब अरहर दाल ने भी अपने निखरे दिखाने शुरू कर दिए हैं। अरहर दाल के भाव भी आसमान छूने लगे हैं। पिछले एक पखवारे में दाल के थोक भाव में 25 रुपये की तेजी देखी गई है।
अचानक अरहर दाल के दाम में बढ़ोतरी से कारोबारी भी अचंभे में हैं। फुटकर बाजार में 140 रुपये प्रति किलो में दाल बिक रही है। जबकि थोक बाजार में अव्वल दाल 125 रुपये व सामान्य श्रेणी की दाल 100 रुपये प्रति किलो में है।
जबकि कारोबारियों की मानें तो दाल की कीमतें अभी और बढे़ंगी। इससे आम आदमी को जल्द महंगी दाल से निजात मिलने की उम्मीद दिख नहीं रही है।
जिले में प्रतिदिन करीब 80 क्विंटल दाल की खपत होती है। पिछले दिनों बेमौसम बरसात हुई। इसका सबसे ज्यादा असर दाल की फसल पर पड़ा है। बारिश से पैदावार में गिरावट दर्ज की गई। यही कारण है अरहर की दाल में अचानक तेजी आ रही है।
दो सप्ताह पहले 110 रुपये किलो में बिकने वाली अव्वल दाल 140 रुपये किलो में बिक रही है। इसी प्रकार सामान्य श्रेणी की दाल 115 रुपये में है। भाव जल्द कम होने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। कारण यह है कि अभी नई फसल तैयार होने में काफी समय लगेगा।
मार्च तक नई फसल तैयार होकर आएगी। तभी भाव में काबू पाया जा सकता है। इसके अलावा केंद्र सरकार बाहर से दाल मंगवाकर भाव स्थिर कर सकती है। इसका असर आम उपभोक्ता पर साफ दिखाई दे रहा है। वह दाल से दूर भागने लगे है। व्यापारियों का कहना है कि बिक्री में पचास फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है।