सीतापुर। जिले में तीसरा सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय जल्द आकार लेगा। परसेंडी व सिधौली विकासखंड में मंजूरी के बाद तीसरे की भी स्वीकृति शासन ने दे दी है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधायुक्त शिक्षा ग्रहण करने का मौका मिलेगा। पिसावां विकासखंड का प्रस्ताव भेजा गया है।
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में नर्सरी से 12वीं तक की आवासीय सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेगी। यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को लाइब्रेरी, प्रयोगशाला, इंटरनेट व खेल मैदान सहित हाईटेक तरीके से पढ़ने का अवसर मिलेगा। ये सुविधाएं विद्यार्थियों के लिए बिल्कुल निशुल्क होंगी।
इससे पहले परसेंडी विकासखंड के खजुरिया आवासी में भवन बन रहा है। इस भवन पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन स्तर से कई बार अफसरों की टीमें आकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता परख चुकी हैं। शैक्षिक सत्र 2027-28 से इस कॉलेज को प्रारंभ करने की योजना तैयार की गई है। निर्माण कार्य बहुत तेजी से चल रहा है।
उधर, सिधौली में अभी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है, जबकि शासन ने तीसरे विद्यालय का भवन बनाने की भी मंजूरी दे दी है। हालांकि यह किस विकासखंड में बनेगा, यह तय होना बाकी है।
-
यूपी बोर्ड से संचालित होंगे विद्यालय
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय यूपी बोर्ड से संचालित किए जाएंगे। शुरुआती शिक्षा के बाद कक्षा नौ से 12वीं तक माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज से मान्यता दिलवाई जाएगी। अगले शैक्षिक सत्र से नर्सरी में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले यहां शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
-
विकासखंड के चयन के बाद मांगी जाएगी जमीन
विद्यालय की मंजूरी मिलने के बाद अब अगले चरण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सबसे पहले विकासखंड का चयन किया जाएगा। उसके बाद जमीन का प्रस्ताव मांगा जाएगा। जिलाधिकारी के माध्यम से जमीन चयनित करने के बाद बीएसए शासन को प्रस्ताव भेजेंगे। वहां से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य की कवायद प्रारंभ होगी।
-
मिल गई है मंजूरी
सीतापुर में तीसरे मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की मंजूरी मिल गई है। हालांकि अभी स्थान तय नहीं हो पाया है। शासन स्तर से पिसावां का प्रस्ताव भेजा गया है।
-डॉ. गोरखनाथ पटेल, बीएसए