सीतापुर। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का शीघ्र ही सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसकी समाज कल्याण विभाग तैयारियां कर रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए 1600 बेटियों की ओर से ऑनलाइन आवेदन किए गए थे। इनमें से 710 आवेदन पात्र पाए गए हैं। इनका तीन अफसरों की टीम एक सप्ताह में भौतिक सत्यापन करेगी। इसके बाद उनकी ओर से दी गई पात्रों की सूची के आधार पर विवाह की तिथि तय की जाएगी।
जिला मुख्यालय, ब्लॉक और निकायों में सजेगा मंडप
बेटियों का सामूहिक विवाह कराने के लिए जिला मुख्यालय के साथ ही ब्लॉक और निकायों में मंडप सजाया जाएगा। शुभ मुहूर्त में बेटियों के हाथ पीले किए जाएंगे। बरातियों और जनातियों का स्वागत व सत्कार जन प्रतिनिधियों और शासकीय अमले की ओर से किया जाएगा।
बेटी के बैंक खाते में भेजे जाएंगे 35 हजार रुपये
एक जोड़े के विवाह पर समाज कल्याण विभाग की ओर से 51 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। विवाह के लिए पात्र बेटी के बैंक खाते में 35 हजार रुपये भेजे जाएंगे। 10 हजार रुपये की विवाह उपयोगी सामग्री दी जाएगी। छह हजार रुपये मंडप और बरात के स्वागत व सत्कार में खर्च होंगे।
अपात्रों का नहीं हो सकेगा विवाह
योजना का लाभ किसी अपात्र को न मिलने पाए, इसके लिए डीएम अभिषेक आनंद ने पात्र पाए गए सभी आवेदनों के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं। ब्लॉकवार पात्रों का संबंधित एसडीएम, तहसीलदार और बीडीओ बराबर संख्या में सत्यापन कर एक सप्ताह में रिपोर्ट जिला समाज कल्याण अफसर को उपलब्ध कराएंगे। सत्यापन चार बिंदुओं पर किया जाना है।
मोबाइल पर मिलेगी सूचना
710 ऑनलाइन आवेदन सामूहिक विवाह के लिए पात्र पाए गए हैं। डीएम ने इनका एक सप्ताह में सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद विवाह की तिथियां और स्थल तय किया जाएगा। इसकी सूचना आवेदिका के मोबाइल नंबर पर जाएगी।
हर्ष मवार, जिला समाज कल्याण अधिकारी