सीतापुर। जिले के करीब 3500 परिषदीय विद्यालयों में 16 मार्च से वार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 20 मार्च को परीक्षा समाप्त हो जाएंगी। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि वार्षिक परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे के बीच होगी।
दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे के बीच होगी। 16 मार्च को कक्षा एक से पांच तक में सभी विषयों की मौखिक परीक्षा होगी। कक्षा छह से आठ तक में पहली पाली में बेसिक क्राफ्ट व कला की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में खेल व शारीरिक शिक्षा की परीक्षा होगी।
17 मार्च को कक्षा दो से आठ तक पहली पाली में गणित का प्रश्नपत्र होगा। दूसरी पाली में कक्षा तीन से आठ तक संस्कृत व उर्दू का प्रश्नपत्र होगा। 18 मार्च को कक्षा तीन से आठ तक में सामाजिक विषय का प्रश्नपत्र होगा। दूसरी पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। 19 मार्च को कक्षा दो से आठ तक में हिंदी का प्रश्नपत्र होगा। दूसरी पाली में कला व संगीत का प्रश्नपत्र होगा। 20 मार्च को कक्षा दो से आठ तक में नैतिक शिक्षा व विज्ञान का प्रश्नपत्र होगा। दूसरी पाली में कक्षा छह से आठ तक में पर्यावरण अध्ययन का प्रश्नपत्र होगा।
डायट स्तर से तैयार हो रहे प्रश्नपत्र
इन वार्षिक परीक्षाओं के लिए डायट स्तर से प्रश्नपत्र बनवाए जा रहे हैं। प्रत्येक ब्लॉक के बीईओ को विद्यालय तक प्रश्नपत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बाद संबंधित स्कूल ये प्रश्नपत्र बच्चों को उपलब्ध कराएंगे।