खैराबाद (सीतापुर)। खैराबाद स्थित उदासीन संप्रदाय की संगत के महंत का मामला रुक नहीं रहा है। कई महीनों पूर्व जमीन के विवाद में जख्मी हुए महंत ने सोमवार को एक बार फिर कार से जाते समय कुछ लोगों पर हमला करने का आरोप लगाकर हड़कंप मचा दिया। सूचना पर पहुंचे समर्थकों, साधू-संतो ने जमकर हंगामा किया। मामला तूल पकड़ते देख एडीएम और एएसपी ने मौके पर जाकर आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खैराबाद के कमाल सरांय में स्थित उदासीन संप्रदाय की संगत के महंत बजरंग मुनि हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को वह कार से खैराबाद के कैथाभारी जा रहे थे। खैराबाद के बीसीएम मार्ग पर कार रुकवा कर दूसरी गाड़ी का इंतजार करने लगे। तभी एक बाइक रुकी। बाइक सवार लगातार घूर रहा था। वजह पूछने पर वह कुछ निकालने लगा। यह देख घबरा कर शोर मचाया।
जिस पर सुरक्षा कर्मियों ने युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। मौका पाकर वह भाग निकला। बताते हैं कि इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर अमित भट्ट, सीओ सिटी पीयूष सिंह, एसओ अंबर सिंह मौके पर पहुंचे। वहीं, खबर पाकर महंत के समर्थक भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग करने लगे। एसडीएम, सीओ के कहने पर महंत खैराबाद में बीसीएम मार्ग पर स्थित एमजे गोल्डन पैलेस पहुंचे। वहां करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में बात की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
वहीं, महंत के साथ हुई घटना की सूचना पाकर नैमिषारण्य व अन्य जगहों से काफी संख्या में साधू-संत उनके समर्थक भी मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। संतों के आने की सूचना मिलते ही जिले के आला अफसर हरकत में आ गए। एसडीएम विनय पाठक, एएसपी एनपी सिंह कमाल सरांय स्थित उदासीन आश्रम पहुंचे, जहां पर आए हुए साधू-संतों से एडीएम, एएसपी ने बातचीत करके कार्रवाई का भरोसा दिलाकर मामले को शांत कराया।
तहरीर में पुराने विवाद का भी किया जिक्र
खैराबाद थाने में दी गई तहरीर में महंत बजरंग मुनिदास ने बताया कि करीब 2 वर्षों से कुछ लोगों से हमें जान से मारने का प्रयास किया जा रहा है। इसका केस भी दर्ज है। कुछ महीनों पूर्व हमारे ऊपर सुरक्षाकर्मी के सामने हमला हो गया था, जिसमें सुरक्षा में लगे एक पीएसी जवान भी घायल हो गया था।
महंत ने सौंपा पांच सूत्री मांग पत्र
विवाद की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एडीएम और एएसपी को महंत मुनि बजरंग दास ने 5 सूत्री मांग पत्र सौंपा है। जिसमें उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस, बिसवां मार्ग से भुईया ताली तीर्थ जाने वाले रास्ते का अतिक्रमण हटवाने और जमीनी विवादों को जल्द निपटाने की मांग की। एडीएम, एएसपी ने मांग पत्र पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
महंत की तहरीर पर मामले में अज्ञात पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- अंबर सिंह, एसओ खैराबाद