विद्युत उपकेंद्र नेरी में धरना पर बैठे टिपिकापुर के ग्रामीण । संवाद
महोली। टिपिकापुर गांव के किसानों ने 13 दिन से ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर रविवार को नेरी उपकेंद्र का घेराव किया। उन्होंने बिजली विभाग के अफसरों की लापरवाही पर जमकर नारेबाजी की। किसानों की फसलें सूख रही हैं और गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 25 मई को आई तेज आंधी और बारिश से गांव के दोनों ट्रांसफार्मर खराब हो गए थे। उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर सही कराने की गुहार लगाई, लेकिन अभी तक गांव में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने इससे आजिज आकर रविवार सुबह उपकेंद्र का घेराव किया। किसानों का आरोप है कि सिंचाई के लिए रखा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर आंधी में गिर गया था। किसान शिवपाल और रामकिशन ने बताया कि अवर अभियंता शिकायतों की अनदेखी कर रहे हैं। इससे किसानों की फसलें सूखकर बर्बाद हो रही हैं। गांव का दूसरा ट्रांसफार्मर भी आंधी-पानी से फुंक गया था। इससे टिपिकापुर गांव की करीब एक हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। अवर अभियंता जगदीश प्रसाद ने आश्वासन दिया कि गांव में जल्द आपूर्ति बहाल करवा दी जाएगी।