साधु के साथ मारपीट के मामले में हल्की धाराओें में मुकदमा दर्ज करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सीतापुर/ मिश्रिख। कोतवाली क्षेत्र में साधु की पिटाई के मामले में महंतो ने सोमवार को एसपी से मुलाकात की। उन्होंने इंस्पेक्टर मिश्रिख की कार्यशैली को लेकर नाराजगी व्यक्त की और उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही। महंतों ने कहा कि साधु की पिटाई के मामले में लापरवाही बरती गई। साथ ही हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मिश्रिख क्षेत्र के सैदापुर निवासी साधु लवकुश दास रविवार को अपने आश्रम पर थे। आरोप है कि सहसापुर निवासी शिवशंकर शुक्ला, संदीप शुक्ला, बंटीशुक्ला, अंकित अपने कई अन्य साथियों के साथ आश्रम आ पहुंचे। आश्रम की भूमि पर जबरन कब्जा करने की नियत से वह साधु को पीटने लगे। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर आ गए। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रविवार को महंत संतोष दास खाकी, महंत नारायण दास, महंत राघवदास, महंत प्रीतम दास, महंत अटल दास आदि कोतवाली पहुंचे थे। जहां पर काफी कहासुनी होने के बाद इंस्पेक्टर जितेंद्र ओझा ने मुकदमा दर्ज किया।
सोमवार को महंत एसपी घुले सुशील चंद्रभान से मुलाकात करने पहुंचे। संतोषदास खाकी ने बताया कि इंस्पेक्टर मिश्रिख की कार्यशैली बहुत ही खराब है। ऐसे गंभीर मामले में उन्होंने कार्रवाई करने में काफी समय लगा दिया। इसके बाद भी हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अगर इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो महंत आगे की रणनीति तय करेंगे। संवाद