समाज कल्याण विभाग की पांच टीमें कर रही मामले की जांच
घोटाले में शाहजहांपुर के समाज कल्याण अधिकारी निलंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
सीतापुर। शाहजहांपुर में बुजुर्ग पेंशन घोटाले के तार जिले से जुड़ रहे हैं। शाहजहांपुर में योजना का लाभ ले रहे खाताधारक सीतापुर जिले के निकले। शासन स्तर पर मामला पकड़ में आने पर सीतापुर में इन खाताधारकों की जांच शुरू हो गई है। पांच टीमें इन लाभार्थियों के घर-घर जाकर सत्यापन कर रही हैं। खास बात यह है कि ये अधिकतर खाते डाकघर में खोले गये हैं। यह खेल शाहजहांपुर में तैनाती से पहले सीतापुर में तैनात रहे समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार की शह पर होने की आशंका जताई जा रही है।
शाहजहांपुर के समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार को इस मामले में निलंबित किया गया है। वह पूर्व में सीतापुर में तैनात थे। जिले के आठ ब्लॉकों क्रमश: एलिया, महोली, पिसावां, परसेंडी, हरगांव, सकरन, मिश्रिख, लहरपुर के विभिन्न गांवों में रहने वाले लोगों के खातों में शाहजहांपुर जिले के समाज कल्याण विभाग से बुजुर्ग पेंशन योजना की धनराशि भेजी गई है। वहां के लाभार्थियों के खाते बदलकर यह खेल किया गया है।
इसका खुलासा होने पर निदेशक समाज कल्याण ने संबंधित खाताधारकों की सूची भेजी है। इनकी छह बिंदुओं पर जांच कर रिपोर्ट भेजी जानी है। संबंधित खाताधारक के बयान के साथ आधार और पासबुक की छायाप्रति भी प्राप्त करना है। इस काम के लिए विभाग की पांच टीमों का गठन किया गया है। इसमें ब्लॉकवार एडीओ समाज कल्याण और पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है। इनकी ओर से मौके पर जाकर जांच की जा रही है। इस कार्य के पर्यवेक्षण के लिए भी कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
जानकार सूत्रों के अनुसार कई खाताधारक निर्धारित पते पर नहीं मिले। साथ ही खाताधारकों के खाते में छह से 12 हजार तक धनराशि भेजी गई है। कुछ ने यह धनराशि निकाली भी है। साथ ही कई खातों से धनराशि शासन को वापस भेजी गई है। बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर के लाभार्थियों के सत्यापन के दरम्यान बोगस लाभार्थियों का विवरण जुटाकर उनके खाता नंबर बदलने के लिए योजनाबद्ध तरीके से यह खेल किया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार ने बताया निदेशक के निर्देश पर उनकी ओर से भेजे गए 120 खाताधारकों की सूची की जांच कराई जा रही है। इसके लिए टीमें बनाई गई हैं। उन्हें छह बिंदुओं पर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
एक जनसुविधा संचालक सहित दो नाम हुए उजागर
एलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत कचनार के 15 लोगों के खाते खोले गए हैं। यहां टीम ने जांच कर खाताधारकों के बयान लिए हैं। इसमें यहां के जनसुविधा केंद्र के संचालक सहित एक अन्य व्यक्ति के नाम का खुलासा हुआ है। इनकी ओर से खाते खुलवाने के लिए संंबंधित लोगों से जरूरी दस्तावेज लिए गए हैं। जानकार सूत्रों के अनुसार इनकी गतिविधियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। यह कम समय ही अधिक संपत्ति के मालिक बन गए हैं।