सदरपुर। रसोई गैस सिलिंडर के लिए कई दिनों से दौड़ रहे उपभोक्ताओं के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने रविवार को बिसवां-सदरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया।
गुस्साए उपभोक्ता भारत गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन व नारेबाजी करने लगे। जाम लगने से हालात बिगड़ने पर पुलिस ने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों की समस्या सुनी और सिलिंडर दिलाने का आश्वासन देकर जाम हटवाया। करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहने से अफरातफरी बनी रही।
सदरपुर में बिसवां मार्ग के निकट जाफरपुर गांव के सामने भारत गैस एजेंसी है। रविवार की सुबह लगभग 10 बजे गैस उपभोक्ताओं ने बिसवां-सदरपुर मार्ग पर खाली सिलिंडर रखकर जाम लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे कई दिनों से सिलिंडर के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं। बुकिंग के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल रहा है।
मधवापुर के जितेंद्र कुमार ने बताया कि बुकिंग के बाद भी सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। घंटों में लाइन में लगकर भी सिलिंडर न मिलने पर खाली हाथ लौटना पड़ता है।
उपभोक्ता रामनरेश ने बताया कि कभी केवाईसी, तो कभी ओटीपी के नाम पर सिलिंडर देने से मना कर दिया जाता है। यहां कोई नियम नहीं है। घर में शादी है लेकिन सिलिंडर नहीं मिल रहा है। आरोप लगाया कि ब्लैक में दो हजार रुपये देकर सिलिंडर तुरंत मिल जा रहा है।
रसूख वालों को गैस सिलिंडर की दिक्कत नहीं हो रही है। एक उपभोक्ता ने शादी का कार्ड दिखाते हुए कहा कि 10 अप्रैल की बुकिंग के बावजूद रोज वापस लौटाया जा रहा है। पांच बार एजेंसी की दौड़ लगा चुके हैं। परिवार में आज तिलक समारोह है सिलिंडर कहां से लाएं।
आक्रोशित उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग होने पर नियमानुसार सिलिंडर वितरित किए जाएं तो यह समस्या नहीं होगी। एजेंसी के कर्मचारी मनमानी करते हैं इसलिए आम उपभोक्ताओं का सिलिंडर नहीं मिल पाता है।
उधर, बिसवां-सदरपुर मार्ग पर जाम लगाए जाने से यातायात बाधित हो गया। इससे अफरातफरी मच गई। खबर पाकर सदरपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया। करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। सदरपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया है।