सीतापुर। व्यवस्थाओं को परखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने बुधवार को सुबह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेलूमऊ, आंगनबाड़ी केंद्र व प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पीएचसी व आंगनबाड़ी केंद्र पर कोई कर्मचारी नहीं मिला। टीकाकरण अभियान की प्रगति भी काफी खराब मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने मौके पर ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बर्खास्त करने के साथ ही सेंटर सुपरवाइजर व सीएचओ को भी कार्रवाई के घेरे में लिया।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय मलिहाबाद के निरीक्षण के दौरान शिक्षण कार्य में लापरवाही मिलने पर प्रधानाध्यापक का एक दिन का वेतन काटने व प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने का निर्देश दिया। डीएम बुधवार की सुबह 9:20 बजे हरगांव ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मलिहाबाद पहुंचे। यहां जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत करते हुए शिक्षण कार्य व भोजन के बारे में जानकारी ली। इस दौरान सहायक अध्यापक अशोक कुमार के देर से स्कूल पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने और प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने का निर्देश बीएसए को दिया।
इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां वीएचएसएनडी के तहत सचांलित सत्र का हाल जाना। खामियां मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बेहतर मूलभूत सुविधाएं मुहैय्या कराने के साथ आशा कार्यकर्ता व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की अनुपस्थिति पर अग्रिम कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेलूमऊ पहुंचे। उन्हें अस्पताल तो खुला मिला लेकिन वहां पर कोई भी चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद नहीं था। डीएम ने संबंधित विकास खंड के सीएचओ बलजिंदर कौर की वार्षिक वेतन वृद्धि एवं पीबीआई बिल काटने की कार्रवाई के लिए भी निर्देशित किया।