सीतापुर। ग्रामीण क्षेत्रों में शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अब लोगों को शहरों के मैरिज लॉन और निजी विवाह घरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पंचायत राज विभाग की ओर से जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा। एक उत्सव भवन के निर्माण पर करीब 1 करोड़ 41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। महोली विधानसभा क्षेत्र में उत्सव भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
उत्सव भवन बनने से ग्रामीण परिवारों को सबसे अधिक राहत मिलेगी। अभी तक गांवों में शादी-विवाह, तिलक, जन्मदिन और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों को शहरों या कस्बों में जगह तलाशनी पड़ती है। निजी मैरिज लॉन और विवाह घरों का किराया अधिक होने के कारण परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता है। कई बार आयोजन के लिए दूर स्थान पर व्यवस्था करनी पड़ती है, जिससे मेहमानों और परिवार के लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
गांव के नजदीक उत्सव भवन उपलब्ध होने से लोगों को कम खर्च में कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी। इससे समय और परिवहन पर होने वाला खर्च भी बचेगा। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम आय वाले परिवारों को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए भी एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
उत्सव भवन का हो रहा निर्माण
जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि महोली विधानसभा क्षेत्र के उरदौली में उत्सव भवन का निर्माण कराया जा रहा है। तकरीबन 40 फीसदी कार्य पूर्ण हो गया है। अन्य विधानसभा क्षेत्रों मेें शासन से धनराशि उपलब्ध होने पर उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा।