मानपुर (सीतापुर)। इलाके के गाजीपुर मजरा हथिया गांव में विवाद के दौरान बुधवार को कुछ लोगों ने एक वृद्ध को धक्का दे दिया। खड़ंजे पर गिरने से वृद्ध के सिर में चोट लग गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इलाके के गाजीपुर मजरा हथिया गांव निवासी रूबी की शादी थाना क्षेत्र महोली निवासी विवेक के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक शादी के दो वर्ष बाद विवेक की मौत हो गई थी। उनकी बेटी काव्या की उम्र करीब ढाई साल है। परिजनों के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब तीन रूबी के ससुर, जेठ, चचेरे ससुर व गांव के अन्य लोग कार से गाजीपुर गांव में काव्या को लेने आए थे।
रूबी का कहना है कि उनकी दूसरी शादी पहली अप्रैल को होनी है जिसके चलते मायके वाले काव्या को नहीं भेज रहे थे जबकि ससुरालीजन जबरदस्ती काव्या को ले जाने पर आमादा थे। इसी बीच रूबी के बाबा सुक्खू (80) बीचबचाव करने लगे।
उसी दौरान धक्का लगने से बाबा सुक्खू खड़ंजे पर गिर गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर अन्य कार्रवाई की जाएगी।