सीतापुर। नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से रविवार को जनपद में सिविल डिफेंस एयर रेड व ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह अभ्यास शाम 6 बजे से 7 बजे तक राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में होगा। डीएम व नियंत्रक प्रथमेश कुमार ने बताया कि अभ्यास का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा व बचाव की तैयारियों को परखना और आमजन को जागरूक करना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पूर्व नियोजित मॉक ड्रिल है, वास्तविक हवाई हमला नहीं है। इसलिए नागरिकों से घबराने के बजाय सहयोग करने की अपील की गई है। अभ्यास के दौरान दो प्रकार के सायरन बजाए जाएंगे। लगभग दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज वाला सायरन खतरे की चेतावनी का संकेत होगा, जबकि लगातार एक समान आवाज वाला सायरन खतरा समाप्त होने का संकेत देगा।
ब्लैकआउट के दौरान लोगों से घरों और दुकानों की अनावश्यक लाइटें बंद रखने, खिड़कियों पर पर्दे लगाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। साथ ही अफवाहों से बचने, अनावश्यक वाहन लेकर सड़कों पर न निकलने और प्रशासन व नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।