सीतापुर। जिले के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे बोर्ड ने अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की मंजूरी दी है। साप्ताहिक रूप से चलने वाली इस ट्रेन का ठहराव सीतापुर रेलवे स्टेशन पर भी होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन जिले के व्यापार और पर्यटन को नई रफ्तार देगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन संख्या 14664 और 14663 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। अमृतसर से यह ट्रेन बृहस्पतिवार को रवाना होगी, जबकि न्यू जलपाईगुड़ी से शनिवार को चलेगी। सीतापुर जंक्शन पर दोपहर 1:52 बजे पहुंचकर 2:00 बजे रवाना होगी।
इसी तरह न्यू जलपाईगुड़ी से चलकर रात 8:40 बजे सीतापुर जंक्शन पहुंचकर 8:50 बजे रवाना होगी। इस ट्रेन का ठहराव जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर और आनंदनगर, गोरखपुर आदि स्टेशनों पर होगा।