इमलिया सुल्तानपुर। विकास खंड ऐलिया के समस्त संकुलों में सोमवार को प्राथमिक विद्यालय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं में विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय शेरपुर के आलोक कुमार और बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय बसेती की शुंदुश ने बाजी मारी।
संकुल पारा, केशवपुर व सहादतनगर के प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। संकुल पारा की प्रतियोगिता पूर्व माध्यमिक विद्यालय इमलिया सुल्तानपुर के खेल मैदान में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में 50 मीटर दौड़ बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय शेरपुर के आलोक तथा बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय बसेती की सायना खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लंबी कूद बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय देवई के काबिस तथा बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय कैमहरा की महजबीन ने प्रथम स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ऐलिया ओमप्रकाश मौजूद रहे। उन्होंने विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने बताया कि संकुल स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजयी टीमों व प्रतिभागियों के बीच अब ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को इमलिया सुल्तानपुर के खेल मैदान में किया जाएगा। इसमें विभिन्न संकुलों के विजेता प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।