सीतापुर। थानगांव के डेलिया गांव निवासी युवक का शव सोमवार को पेड़ से लटकता मिला। घटना से पहले उसने एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने भाई के रिश्तेदारों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। हालांकि, परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
गांव निवासी कुलदीप (28) का शव गांव के बाहर पेड़ से गमछे के सहारे लटकता हुआ मिला। कुलदीप ने फंदे पर झूलने से कुछ देर पहले खेत में कुछ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए थे। इसमें युवक ने अपने अपने बड़े भाई के सालों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। साथ ही ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने की भी बात कही।
वीडियो में कुलदीप ने खुद को राष्ट्रीय बजरंग दल का सदस्य भी बताया। उसने कहा कि सामाजिक पहचान होने के बाद वह अब ऐसी प्रताड़ना से परेशान हो गया है। थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया कि वीडियो मिले हैं, परिजन पहले पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामला आत्महत्या का लग रहा है, परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।