नैमिषारण्य (सीतापुर)। सीएम योगी की सख्ती के बाद पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम बृहस्पतिवार को नैमिषारण्य पहुंचे। यहां नागरिकों ने उनके सामने भूमि अधिग्रहण नीति पर नाराजगी जताई। वर्तमान सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा दिए जाने की मांग भी उठाई। इस दौरान सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने बड़ी छावनी आश्रम की जमीन पर पर्यटन विभाग के मनमाने तरीके से कराए जा रहे निर्माण पर रोष व्यक्त किया।
दरअसल, सेवता विधायक ज्ञान तिवारी के साथ बड़ी छावनी आश्रम के महंत मनमोहन दास ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। महंत ने सीएम को बताया था कि आश्रम के सामने पर्यटन विभाग हनुमत प्लाजा के तहत दुकानें बना रहा है। आश्रम की बाउंड्री तोड़ दी गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए बनाई जा रही दुकानें आश्रम को सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही हिदायत दी कि तीर्थ में विकास के लिए जो पैसा दिया जा रहा है उसका गलत उपयोग न किया जाए। किसी भी संत के आश्रम की भूमि उनकी अनुमति के बगैर न ली जाए।
इसी परिप्रेक्ष्य में बृहस्पतिवार को पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम व डीएम अभिषेक आनंद ने नैमिष पहुंचकर बड़ी छावन आश्रम के पास चल रहे निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। सेवता विधायक ज्ञान तिवारी व क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी की कार्यशैली के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि आश्रम की बाउंड्री तोड़ दी गई और मंदिर कुंड के सामने दुकानें बनाई जा रही हैं, जो गलत है। वहीं, गुरु की समाधि तोड़ने पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि जिसने यह प्रोजेक्ट बनाया उस पर कार्रवाई की जाए।
विधायकों ने अधिग्रहित की जा रही भूमि स्वामियों के प्रति संवेदनशील नजरिया रखने काे कहा। विधायक ज्ञान तिवारी ने मुख्य सचिव पर्यटन से तीर्थ में विकास कार्यों के नाम पर ली गई भूमियों और उनकी प्रणाली पर जांच कराने की भी बात कही। विवेक दीक्षित सहित कई तीर्थ वासियों ने शासन की भूमि अधिग्रहण नीति से नाराजगी जताई और मौजूदा सर्किल रेट से मुआवजा देने की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जिनकी भूमि ली गई है उनके विस्थापन के लिए भी पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाए। प्रमुख सचिव पर्यटन ने सभी बिंदुओं को सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, जिला प्रशासन सभी विकास कार्याें की नए सिरे से समीक्षा करेगा। इस मौके पर एडीएम नीतीश कुमार, पर्यटन उपनिदेशक डॉ. कल्याण सिंह, एसडीएम मिश्रिख शैलेन्द्र मिश्रा, मंडल अध्यक्ष देवेश पांडेय, भास्कर मिश्रा, मनोज पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
नौका संचालन को बढ़ावा देने पर किया गया विचार
नैमिषारण्य तीर्थ क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें ललिता देवी मंदिर, चक्रतीर्थ और कॉरिडोर के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कल्ली चौराहे से नैमिषारण्य तक आने वाले मुख्य मार्ग के सुधार और विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। गोमती नदी के राजघाट से रुद्रावर्त तक नौका संचालन को बढ़ावा देने और जलमार्ग को सुगम बनाने की योजनाओं पर भी विचार किया गया।
हेलीपैड में निर्देश तालिका व कम ऊंचाई वाले लगाएं पौधे
प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम ने हेलीपैड का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। हेलीपैड के अंदर एवं बाहर निर्देश तालिका लगाने, परिसर में कम ऊंचाई वाले पेड़-पौधे ही लगाए जाने के निर्देश दिए। प्रस्तावित वेदारण्य और वेद विज्ञान केन्द्र का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। डॉरमेट्री का निरीक्षण करते हुए चारों ओर पेड़-पौधे लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि नक्शे के अनुसार ही कार्य किए जाएं तथा जो कार्य नक्शे के विपरीत हैं उन्हें हटवाया जाए।
विधायक बोले- क्या गोबर से बदबू आ रही तुमको...
विधायक ज्ञान तिवारी ने प्रोजेक्ट मैनेजर को मौके पर बुलाया। उन्हें देर से आता देखकर विधायक का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। वह प्रोजेक्ट मैनेजर से बोले -क्या तुम्हें गोबर से बदबू आ रही है। उन्होंने उपनिदेश पर्यटन कल्याण सिंह पर कार्यवाही की बात कही। कहा कि लोगोें ने दान पुण्य कर कुंड बनाया है। अब उसे शौचालय बनाने के लिए अधिग्रहीत किया गया है। मंदिर के मुख्य गेट पर अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है।