सीतापुर। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच मास्क और सैनिटाइजर की कालाबाजारी की खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। डीएम ने अफसरों को टीम बनाकर मेडिकल स्टोर पर छापामारी कर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
कोरोना वायरस, माहामारी घोषित होने के बाद संक्रमण से बचाव के लिए अचानक मास्क और सैनिटाइजर की डिमांड बढ़ गई है। मांग बढ़ने के साथ ही पहले से स्टॉक डंप करने वाले मेडिकल स्टोर्स संचालकों ने इसकी कालाबाजारी शुरू कर दी है।
80 से 10 रुपये में बिकने वाले डिस्पोजर थ्री लेयर मास्क अब 20 रुपये, 66 रुपये में बिकने वाला ब्लैक मास्क 80 से 100 और 90 रुपये में मिलने वाला एन 95 मास्क अब 150 से 400 रुपये में बेचा जा रहा है। इसको लेकर ‘अमर उजाला’ ने 15 मार्च के अंक में ‘चार गुना दामों पर बेच रहे मास्क’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद डीएम ने मामले का संज्ञान लिया।
डीएम अखिलेश तिवारी ने रविवार रात प्रशासनिक अफसरों और जिला औषधि विभाग को मेडिकल स्टोर्स पर छापामारी करने के आदेश दिए हैं। डीएम ने कहा है कि टीम बनाकर छापामारी की जाए।
मास्क व सैनिटाइजर की कालाबाजारी करते पकड़े जाने पर मेडिकल संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया कि डीएम ने मामले का संज्ञान लिया है। मास्क और सैनिटाइजर की कालाबाजारी करने वाले मेडिकल स्टोर्स पर संबंधित विभाग को छापामारी करने के आदेश दिए हैं। इसके लिए टीम भी गठित करने के निर्देश दिए हैं।