खैराबाद/सीतापुर। नगर पालिका ने आवारा कुत्तों के आतंक को देखते हुए कुत्ता पालने के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया है। हर साल इसका नवीनीकरण भी कराना होगा। बिना पंजीकरण के कुत्ता पालने पर नगर पालिका जुर्माने की कार्रवाई करेगी।
अगर कोई व्यक्ति नगर में बिना पट्टे के कुत्ता घुमाता है और कुत्ता खुले में शौच कराता है तो उसके मालिक के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। खैराबाद क्षेत्र में लावारिस कुत्तों के साथ ही पालतू कुत्ते भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। पिछले तीन दिनों में आवारा कुत्तों के लगातार हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। कुत्तों के हमलों से मासूम बच्चों समेत 25 लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं।
रविवार को दो बच्चों पर पालतू कुत्तों के हमला करने की बात सामने आई है। इसके बाद एसडीएम सदर ने सोमवार को पत्र जारी कर पालिका प्रशासन को पालतू कुत्तों के पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। पालिका की ओर से कुत्ते पालने वालों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
पालिका के ईओ प्रेम शंकर गुप्ता ने बताया कि अब कुत्ता पालने का शौक रखने वाले लोगों को नगर पालिका में पंजीकरण करवाना होगा। कुत्ता स्वामी को बिना पट्टे के नगर में कुत्ता घुमाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नोटिस मिलने के 15 दिन के अंदर जो लोग पालिका में रजिस्ट्रेशन नही कराते हैं, कुत्ता पालने के बाद भी नगर पालिका को जानकारी नही देते हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पालिका जारी करेगी नंबर
कुत्ते व बिल्ली पालने के लिए नगर पालिका में पंजीकरण कराने का कानून 12 दिसंबर 2022 मे लागू हुआ था। अब इसके सख्ती से पालन कराने को पालिका प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। रजिस्ट्रेशन के दौरान अपने कुत्ते की पूरी जानकारी फाॅर्म में भरकर नगर पालिका को देनी होगी। यह भी बताना होगा कि कुत्ते को रैबीज इंजेक्शन लगा है या नहीं। कुत्ता किस प्रजाति का है। कुत्ता स्वामी को अपने आधार कार्ड का ब्योरा देना होगा। यह रजिस्ट्रेशन प्रत्येक वर्ष के अप्रैल में कराना होगा। इसके बाद नगर पालिका उस कुत्ते को कान मे कैट लगाएगी। उसका नंबर अलॉट करेगी।
ठप रहा कुत्ता पकड़ने का अभियान
लखनऊ नगर निगम की टीम बुलाकर रविवार से कुत्तों को पकड़ने का अभियान शुरू किया गया था। पहले दिन आठ आवारा कुत्ते पकड़े गए थे। दूसरे दिन सोमवार को अभियान बंद रहा। दरअसल, टीम किसी कारणों से नहीं आ सकी। ईओ ने बताया कि मंगलवार से फिर अभियान चलाया जाएगा।
मीट की दुकानों का किया निरीक्षण
एसडीएम सदर ने एक सप्ताह के लिए नगर की सभी मीट की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए थे। ईओ ने सोमवार को सुबह 10 बजे मीट की दुकानों का निरीक्षण किया। ईओ के मुताबिक अधिकतर मीट की दुकानें बंद मिलीं। जो दुकानें खुली पाई गईं उन्हें चेतावनी देकर बंद करा दिया।
ताकि 2018 की न हो पुनरावृत्ति
कुत्तों के हमलों को लेकर प्रशासन बेहद सतर्क है। हर बिंदु को ध्यान में रखते हुए सख्ती बरती जा रही है। प्रशासन किसी भी कीमत पर 2018 वाली स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं होने देना चाहता। दरअसल, 2018 में आवारा कुत्तों ने जमकर आतंक मचाया था। कुत्तों के हमलों में 14 बच्चों की मौत हो गई थी जबकि लगभग 75 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
डीएम व एसपी को भी बनवाना होगा लाइसेंस
जिलाधिकारी सीतापुर अनुज सिंह व एसपी चक्रेश मिश्रा के पास भी पालतू कुत्ता है। दोनों अधिकारी पशु प्रेमी हैं। इस कवायद के तहत उन्हें भी लाइसेंस बनवाना होगा। इसके बाद जिले में इसका वृहद अभियान चलेगा।
पंजीकरण के निर्देश
दो घटनाओं में पालतू कुत्तों के हमले की बात सामने आई है। पालतू कुत्तों के पंजीकरण कराने के निर्देश खैराबाद नगर पालिका को दिए गए हैं।
- ज्ञानेन्द्र द्विवेदी, एसडीएम सदर