कसमंडा इलाके के सीता रसोई में बने गौशाला मौजूद ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व अन्य।
मास्टरबाग (सीतापुर)। कसमंडा विकास खंड की ग्राम पंचायत सीतारसोई स्थित गोशाला में भूख से बिलबिलाए गोवंश तार तोड़कर धान के खेत में जा पहुंचे। करीब एक बीघा धान की फसल गोवंशों ने चट कर बर्बाद कर दी। वहीं, दो गोवंशों की भूख से तड़पकर गोशाला में मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं संग बीडीओ ने मामले की जानकारी लेते हुए तारों को सही कराया। मृत गोवंशों को दफन कराया गया।
विकास खंड कसमंडा क्षेत्र के सीतारसोई ग्राम पंचायत में रविवार रात भूख से बेहाल गोवंश तार तोड़कर एक किसान के खेत में पहुंच गए। धान की हरी-भरी फसल को चट कर गए। ग्रामीणों ने विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बच्चे बाजपेई, शिवम मिश्रा व राम मोहन शुक्ला से शिकायत की। ग्रामीणों ने करीब एक घंटा हंगामा भी किया।
कुछ देर बाद खंड विकास अधिकारी मनोज शर्मा गोशाला पहुंचे। इस दौरान सचिव प्रदीप चौधरी पर ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि गोशाला में भूसा नदारद रहता है। सहायक विकास अधिकारी उमेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर जो कमियां मिली हैं, उसमें सुधार कर रहे हैं। प्रधान व सचिव को पत्र जारी कर कार्रवाई की जाएगी।