सीतापुर। गोशाला का सीसीटीवी का फीड कंट्रोल रूम को उपलब्ध न कराना 16 सचिवों को भारी पड़ गया। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीएम अभिषेक आनंद ने सीडीओ प्रणता ऐश्वर्या को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सीडीओ ने डीपीआरओ डॉ निरीश चंद्र साहू से रिपोर्ट तलब की। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित सचिवों को उत्तरदायी मानते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
जिले की सभी गोशालाओं की मॉनिटरिंग करने के लिए विकास भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से गोशालाओं में लगे सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। इसके लिए सचिवों को गोशाला में स्थापित सीसीटीवी का क्यूआर कोड स्कैन करना था। साथ ही ऐप का लॉगिन आईडी व पासवर्ड सहित गोशाला सीसीटीवी का फीड कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराना था। इसके बाद भी 16 सचिवों ने फीड नहीं दिया। इस तरह से संबंधित कार्मिकों द्वारा गोशाला की निगरानी में बाधा उत्पन्न की गई। डीपीआरओ ने रिपोर्ट में लिखा कि इस लापरवाही से स्पष्ट है कि संबंधित कार्मिक स्वेच्छाचारी कर्मचारी हैं। उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की गई है जो जिस पर कार्रवाई होनी चाहिए
इन सचिवों को दी गई प्रतिकूल प्रविष्टि
बिसवां ब्लाॅक की ग्राम पंचायत धामीसरांय के सचिव शैलेंद्र भार्गव, सकरन की ग्राम पंचायत सरैंयाकला के सचिव उमाकांत, हरगांव की ग्राम पंचायत अरमी के सचिव धर्मेंद्र कुमार, इसी ब्लॉक की ग्राम पंचायत खैरी पट्टी के सचिव सुरेश वर्मा व तत्कालीन सचिव राजेश चौधरी, एलिया की ग्राम पंचायत गोड़वा साहब गंज के तत्कालीन सचिव जाहिद अली व शिखा शुक्ला, हरगांव की ग्राम पंचायत कटियारा की सचिव शिल्पी वर्मा व तत्कालीन सचिव कौशलेंद्र कुमार, पिसावां की ग्राम पंचायत कपसा,बबुर्दीपुर के सचिव रविकांत शुक्ला, परसेंडी की ग्राम पंचायत मुबारकपुर के सचिव रोहित जोशी, महोली की ग्राम पंचायत गौरा जलालपुर के सचिव मनेंद्र यादव, परसेंडी की ग्राम पंचायत मूसेपुर के सचिव राहुल थारू, महोली की ग्राम पंचायत राई की सचिव लक्ष्मी यादव, सिधौली की ग्राम पंचायत नयागावं के सचिव अमरेश कुमार, मिश्रिख की ग्राम पंचायत गोहिलारी के सचिव हरीश कुमार को वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।