सीतापुर। शहर के बीच से होकर निकली सरायन नदी का कायाकल्प किया जाएगा। नदी में जलस्तर बढ़ाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने जिले की एक नदी और एक वॉटर बाॅडी काे चिह्नित करते हुए उसके उत्थान और कायाकल्प कराने के निर्देश दिए थे।
इसी के तहत जिले में सरायन नदी का चयन किया गया है। नदी के पुनरुद्धार के लिए डीपीआर बनाए जाने के लिए बाबा साहब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी, लखनऊ के प्रोफेसर वेंकटेश दत्ता का सहयोग लिया गया है।
इनकी ओर से स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अफसरों के साथ बैठक कर डीपीआर तैयार की गई है। इस प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को भेजा गया है। इसके बाद नदी में जलस्तर बढ़ाया जाएगा। नदी के किनाराें पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा।