महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदीपुर गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार कार्यक्रम में नौटंकी कलाकार को करंट लग गया। आननफानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कलाकार नौटंकी में अभिनय कर रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
रामपुर कलां थाना क्षेत्र के ग्राम सरैंया कादीपुर निवासी वशीर अहमद (50) पुत्र फखरुद्दीन एक नौटंकी कंपनी में कलाकार था। वह जोकर का किरदार अदा करता था। बुधवार रात उसकी नौटंकी कंपनी महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदीपुर गांव में आयोजित मुंडन संस्कार में नौटंकी कार्यक्रम में गया था। रात को नौटंकी चल रही थी। इस बीच रात करीब ढाई बजे अभिनय करते समय बशीर करंट की चपेट में आ गया। जिससे वह बेहोश होकर गिर गया।
आननफानन में उसके साथी उसे फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने बशीर को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंपा दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है।
अभिनय से ही चलाता था घर खर्च
महमूदाबाद (सीतापुर)। करीब 30 सालों से नौटंकी में जोकर बन कर लोगों का मनोरंजन कराने वाले वशीर का जीविका चलाने के लिए यह प्रमुख काम था। उसने इसी पेशे से दो बेटियों व एक बेटे की शादी कर बेटों को कमाई करने के लिये बाहर भेज है।
11 मार्च की रात महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदीपुर में फत्ते ने अपने पौत्र के मुंडन समारोह के लिए नौटंकी बुक करवाई थी। रात करीब दस बजे से शुरू हुई नौटंकी का आनंद लोग ले रहे थे। बीच-बीच में बशीर जोकर की भूमिका में आकर लोगों को हंसा रहे थे। जैसे ही वशीर ने खंभा छुआ वह उसी में चिपक गए।