यूपी के सीतापुर में रामकोट थाना क्षेत्र में एक युवती के घर पर फायरिंग के आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में आरोपी के साथ दो युवक डांस करते नजर आ रहे हैं। आरोपी एक युवक को लखीमपुर का डॉन नंबर वन बता रहा है। वीडियो का संज्ञान लेकर शहर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया।
जानकारी मिलने पर आरोपी शिवांग अपने साथी शास्त्री नगर निवासी हर्षित त्रिपाठी व नई बस्ती निवासी शरद तिवारी के साथ घर पर आ धमका। तीनों ने जबरन घर में घुसने का प्रयास किया। सफल न होने पर असलहों से फायरिंग की और धमकी देकर चले गए। इस मामले में रामकोट पुलिस ने तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने बताया कि इस घटना के बाद से वह घर में डर कर कैद हो गई है। उसका बाहर निकलना मुश्किल है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर आरोपी शिवांग का दो अन्य साथियों संग वीडियो वायरल हो गया। इसमें शिवांग डांस कर रहे एक अन्य शख्स का परिचय लखीमपुर के डॉन नंबर वन अंकित के रूप में करा रहा है। अंकित भी शिवांग से पंगा न लेने की बात कह रहा है। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। उधर शहर कोतवाल अनूप शुक्ल ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आर्म्स एक्ट के तहत शिवांग तिवारी पर केस दर्ज किया गया है।
शिवांग तिवारी का वीडियो वायरल होने के साथ ही सांसद राकेश राठौर संग उसकी एक फोटो भी वायरल हो गई। यह फोटो चर्चा का विषय बनी हुई है। सांसद राकेश राठौर ने शिवांग तिवारी से कोई लेना-देना न होने की बात कही है।