सीतापुर। डकैती व हत्या के मामले में भागे चल रहे 50 हजार के इनामी बदमाश कमलापुर के भानपुर गांव निवासी रामू को लखनऊ एसटीएफ टीम ने बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर पंजाब में रह रहा था। वह अपनी बहन से मिलने के लिए सीतापुर आया था।
एसटीएफ लखनऊ एएसपी संजीव कुमार दीक्षित के अनुसार उपनिरीक्षक विनोद सिंह की टीम को मुखबिर के जरिए आरोपी के मौजूद होने की सूचना मिली थी। संदना के मानपुर गांव के सरायन नदी पुल के करीब टीम ने घेराबंदी कर रामू को गिरफ्तार कर लिया। रामू पर बिसवां, कमलापुर, मानपुर, संदना थाने में कुल आठ प्राथमिकी दर्ज हैं। संदना में डकैती करने के बाद वह रामू अपनी पहचान छिपाकर पंजाब भाग गया था। वह कमलापुर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
बस रोककर की थी डकैती
एसटीएफ टीम के अनुसार रामू ने वर्ष 2007 में अपने साथी झब्बू उर्फ जलजला, सहरू, मुरली उर्फ शेरा, काशीराम, देशराज, चैना उर्फ उमाशंकर के साथ मिलकर भरौना चौराहे के पास एक बस को रोका था। आरोपियों ने उसमें बैठी सवारियों को बुरी तरह से पीटकर उनके पास रखा सारा सामान लूट लिया था। पिटाई से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई थी।