रेउसा (सीतापुर)। वोट डलवाने के बाद पत्नी को मायके में छोड़कर घर जाते समय थानगांव इलाके में एक कार बेकाबू होकर खाईं में पलट गई। हादसे में कार स्वामी घायल हो गया, जबकि उसके घर के नौकर की मौत हो गई। मृतक बहराइच जिले का रहने वाला था। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। लखनऊ के बख्शी तालाब निवासी हिमांशू (35) गुुुुरुवार को पत्नी को वोट डलवाने के लिए ससुराल बहराइच जिले के थाना बौडी इलाके के मुरौव्वा गांव निवासी रामधीरज के घर गया था। पत्नी को वोट डलवाने के बाद वह हिमांशू शुक्रवार को कार से अपने घर के नौकर विकास (12) के साथ कार से सवार होकर लखनऊ वापस आ रहा था।
बताते हैं कि विकास मुरौव्वा गांव का ही रहने वाला था। शुक्रवार को लखनऊ आते समय थानगांव इलाके में रेउसा-महमूदबाद मार्ग पर चिरैया पौधशाला के पास ओवरटेक करते समय कार का टायर फटने से वह खाईं में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में दोनों को रेउसा सीएचसी लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही विकास की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। जबकि हिमांशू की हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जांचकर कार्रवाई की जा रही है।
सड़क हादसे में जख्मी युवक ने तोड़ा दम
कल्ली चौराहा (सीतापुर)। क्षेत्र के भटपुर निवासी नवनीत उर्फ छोटू (30) संदना इलाके से आए अपने दोस्त पंकज के मिलने के लिए 28 अप्रैल को घर के बाहर गया था, जहां पर दोनों खड़े होकर बात कर रहे थे, इस बीच तेज रफ्तार से आ रही कार की टक्कर से नवनीत गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायलावस्था में युवक को लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहां पर शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।