सीतापुर। थाना रेउसा इलाके में सोमवार को गांव के बाहर नाले में नहाते समय किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं रामपुर मथुरा में एक युवक की भी नाले में डूबने से जान चली गई।
थानाक्षेत्र के पुरैनी निवासी संजय (20) पुत्र राजाराम गौतम व शिवनाथ (15) पुत्र राजाराम सोमवार की दोपहर गांव के बाहर बगहा नाले में नहाने गए थे। बाढ़ व बारिश का पानी आने से नाला इस समय उफान पर है। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव नाले से बाहर निकाल लिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। मौत के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पैगंबरपुर निवासी इरशाद 25 पुत्र छोटकन्ने सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे भागीपुर-सिरकुंडा के बीच बनी ड्रेन में नहाने गया था। नाले में वह और उसके साथी पुलिया में पड़े पाइप में एक तरफ से पानी के तेज बहाव के साथ घुसकर दूसरी तरफ से निकल रहे थे। इस दौरान इरशाद पाइप के अंदर गया तो चला गया, लेकिन देर तक दूसरी तरफ जब नहीं निकला तो उसके साथियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने युवक को पाइप से बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। एसओ सुरेश कुमार मिश्र ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है ।