लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को फौरन सीएचसी पहुंचाया गया जहां नाजुक हालत देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
लहरपुर के नवीनगर निवासी दीपक (18) पुत्र इतवारीलाल, जितेंद्र सिंह पुत्र विजय ई-रिक्शा पर बैठकर कहीं जा रहे थे, इस दौरान इलाके में हरगांव मार्ग पर बरम बाबा स्थान के पास तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आननफानन दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां पर डॉक्टरों ने घायल दीपक को मृत घोषित कर दिया जबकि जितेंद्र की हालत को नाजुक देखते हुए उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच की बात कह रही है।