सिधौली (सीतापुर)। लखनऊ से शादी समारोह से लौट रहे लखीमपुर खीरी के व्यापारी की कार कोहरे के कारण सिधौली इलाके में हाईवे पर गुजर रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। इसके बाद पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी जिससे कार दो ट्रकों के बीच फंस कर पिचक गई। हादसे में व्यापारी, चालक व महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र सिधौली में हाईवे पर मनवा तिराहे के पास बुधवार की सुबह एक कार घने कोहरे के कारण आगे जा रहे ट्रक में जा घुसी। इसके फौरन बाद पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने कार में जोरदार ठोकर मार दी। हादसा इतना वीभत्स था कि कार दोनों ट्रकों के बीच फंस कर चकनाचूर हो गई। कार सवार लोग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार में ही फंस गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने आननफानन में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों की मदद से कार को तोड़ कर उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला गया। इस बीच लखीमपुर के कार चालक अंसार (40) पुत्र निसार व लखीमपुर के ही व्यापारी तिमल बेरी (60) पुत्र नरेंद्र दास की मौत हो गई जबकि कार सवार व्यापारी की महिला रिश्तेदार लखीमपुर के काशीपुर निवासिनी विनोदिनी गुप्ता (75) पत्नी जगदीश चंद्र गुप्ता व यहीं के निवासी हरि प्रसाद (65) पुत्र भगवती प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको सीएचसी सिधौली से जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में विनोदिनी को मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे के शिकार लोग लखनऊ में आयोजित एक शादी समारोह में शिरकत करने गए थे। वहीं से बुधवार की भोर ये लोग कार से वापस आ रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।