सीतापुर। गांजरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब राजधानी सहित अन्य प्रमुख शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। वह स्थानीय स्तर पर ही निशुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। इसके लिए सीएम अभ्युदय योजना के तहत समाज कल्याण विभाग की ओर से महमूदाबाद में कोचिंग शुरू की जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से सीएम अभ्यदुय योजना संचालित की जा रही है। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज और महोली के कृषक इंटर कॉलेज में निशुल्क कोचिंग चल रही है।यहां विद्यार्थियों को लाइब्रेरी की भी सुविधा मिल रही है।
जिला स्तरीय समिति ने दो तहसीलों के बाद अब काेचिंग का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया है। गांजरी क्षेत्र के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महमूदाबाद तहसील मुख्यालय पर कोचिंग खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल ने बताया कि महमूदाबाद में जल्द ही अभ्युदय कोचिंग शुरू हो जाएगी।