हरगांव (सीतापुर)। थाना क्षेत्र हरगांव के अमिन्नी मजरा भटपुरवा निवासी किशोरी लाल (41) कस्बे में स्थित एक बर्तन की दुकान पर काम करता था। बुधवार को वह दुकान बंद करने के बाद करीब नौ बजे अपने घर पैदल जा रहा था। हरगांव-दतेली मार्ग पर ग्राम अमिन्नी के पास एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे सीएचसी हरगांव में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर कार छोड़ कर फरार हो गया। एसओ बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर उसके चालक का पता किया जा रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।