हरगांव। लखीमपुर खीरी निवासी सलमान की हत्या के मामले का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक लेनदेन के विवाद में गोली मारकर सलमान की हत्या की गई थी।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि 26 जुलाई को खीरी के गोला थाना क्षेत्र के भुड़वारा निवासी सलमान का शव हरगांव के नूरपुर गांव में खेत में पड़ा मिला था। जांच के दौरान सलमान के भाई साहिल खां ने बताया था कि सलमान 21 जुलाई को अपने घर से हरगांव के पिपरा निवासी मोबीन खां के घर उधारी के पैसे लेने की बात कहकर निकला था। यह भी बताया था कि वह मोबीन की कार भी वापस करेगा। इसके बाद 22 जुलाई को सलमान का मोबाइल बंद हो गया। उसका कुछ पता भी नहीं चला। हरगांव पुलिस से शव मिलने की जानकारी हुई।
साहिल ने बताया कि सलमान का मोबीन खां से लेनदेन था। सलमान ने मोबीन को पैसे दिए थे। आरोप लगाया कि मोबीन ने अपने साथियों के साथ मिलकर रुपये हड़पने के इरादे से सलमान की हत्या कर दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो मोबीन खां व उसके साथी मोहम्मद उशामा का नाम सामने आया।
पूछताछ में मोबीन ने बताया कि उन्होंने सलमान को एक लाख रुपये उधार दिए थे। जब सलमान से पैसा मांगा गया तो वह आनाकानी करने लगा। 21 जुलाई को भी इसी वजह से कहासुनी हुई।
इसके बाद विवाद के दौरान सलमान को धोखे से गोली लग गई। घटना के बाद डर के कारण सलमान के शव को खेतों में छिपाकर आरोपी भाग गए थे। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अवैध शस्त्र, कारतूस व घटना में शामिल कार बरामद कर ली है। आरोपियों मोबीन व मोहम्मद उशामा को जेल भेज दिया गया है।