मिश्रिख। मेला मैदान में आयोजित रामलीला महोत्सव में बुधवार रात कलाकारों ने मनमोहक और प्रेरणादायी प्रसंगों का ऐसा जीवंत मंचन किया कि पूरा पंडाल जयश्री राम के उद्घोष से गूंजता रहा। महर्षि दधीचि रामलीला न्यास की ओर से आयोजित महोत्सव में दिल्ली की ''''ब्राइट फ्यूचर एकेडमी'''' के कलाकारों ने शबरी आश्रम से लंका दहन तक के प्रसंग को मंच पर जीवंत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
मंचन के शुरुआत में दिखाया गया कि भगवान श्रीराम और लक्ष्मण भटकते हुए शबरी के आश्रम पहुंचते हैं। शबरी प्रेम और श्रद्धा के साथ प्रभु को जूठे बेर खिलाती हैं और उन्हें वानर राज सुग्रीव से मिलने का मार्ग सुझाया। इसके बाद, ऋष्यमूक पर्वत पर ब्राह्मण वेश में हनुमानजी की श्रीराम और लक्ष्मण से मुलाकात होती है। परिचय के उपरांत भगवान श्रीराम के प्रति हनुमान की अटूट भक्ति और समर्पण भाव देख दर्शक भावुक हो उठे। इसके बाद हनुमान अशोक वाटिका में माता सीता को खोजकर श्रीराम की मुद्रिका सौंपते हैं। अशोक वाटिका को उजाड़ने पर रावण के सिपाही उन्हें पकड़कर रावण के दरबार में पेश करते हैं। इसके बाद उनकी पूंछ में आग लगाने व लंका के धू-धू कर जलने के मंचन ने सभी को रोमांचित कर दिया। इस अवसर पर नैमिषारण्य हनुमानगढ़ी के महंत बजरंग दास, क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव, सांसद प्रतिनिधि राजकुमार सोनी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।