संदना। मिश्रिख वन रेंज में बाघिन का आतंक लगातार बना हुआ है। शनिवार शाम बाघिन ने मधवापुर में वन विभाग के कमांड सेंटर से करीब 200 मीटर दूर बकरे का शिकार कर लिया। इसके करीब दो घंटे बाद छिछाई गांव में भैंस के पड़वे पर हमला किया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघिन जंगल की ओर भाग गई। हमले में पड़वा घायल हो गया। एक ही दिन में दो घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है।
मधवापुर में शनिवार शाम करीब पांच बजे बाघिन ने बकरे को अपना निवाला बनाया। ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल वन विभाग के कमांड सेंटर से करीब 200 मीटर की दूरी पर है। इसके बाद शाम करीब सात बजे बाघिन ने छिछाई गांव में भैंस के पड़वे पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह जंगल की ओर भाग गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि बाघिन की सूचना देने के बाद भी वन विभाग की टीम समय से मौके पर नहीं पहुंचती। इससे बाघिन के दूर निकल जाने की आशंका रहती है। ग्रामीणों ने बाघिन को जल्द पकड़ने की मांग की है। मिश्रिख वन रेंज में करीब एक माह से बाघिन की तलाश चल रही है। वन विभाग की ओर से पिंजरे लगाने के साथ कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।