सिधौली(सीतापुर)। कस्बे के माया मेडिकेयर हॉस्पिटल में महिला की मौत के मामले में शुक्रवार को जांच हुई। एसीएमओ के निरीक्षण में न तो पंजीकृत चिकित्सक न ही संचालक मिले। दो मरीज भर्ती मिलने पर इन्हें सीएचसी रेफर कर दिया गया। पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। अस्पताल बंद करा दिया गया है।
नरोत्तमनगर मोहल्ले में स्थित अस्पताल में मदारीपुर निवासी फूलकुमारी (28) को दो जून को प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद फूलकुमारी की हालात बिगड़ती चली गई। दूसरे अस्पताल में जांच करवाई। इसमें मालूम हुआ कि ऑपरेशन के दौरान पेट में कोई वस्तु छूट गई है। संक्रमण फैलने से मौत हो गई। इस पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया था।
शुक्रवार को एसीएमओ डॉ. मनोज देशमणि जांच करने अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल में पंजीकृत चिकित्सक व संचालक गैरहाजिर मिले। दो मरीज भर्ती मिले। इन्हें सीएचसी सिधौली रेफर कर दिया गया है। एसीएमओ ने बताया कि पूरे मामले की जांच तक अस्पताल का संचालन बंद करवा दिया गया है। तीन सदस्यीय टीम इस मामले की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।