सीतापुर। महमूदाबाद में बृहस्पतिवार सुबह एक साइकिल सवार छात्र को बस ने कुचल डाला। घटना के बाद छात्रों ने लखनऊ मार्ग को जाम करते हुए धरना शुरू कर दिया। इस दाैरान तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को समझाकर शांत कराया लेकिन इसी बीच कुछ छात्रों ने पथराव कर दिया जिससे बस का शीशा टूट गया।
गांव कंजाभारी निवासी शौर्य वर्मा (10) एक स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। परिजनों के मुताबिक वह सुबह साइकिल से स्कूल के लिए निकला था। लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर एक धर्मकांटे के पास शौर्य को एक निजी विद्यालय की छात्रों से भरी बस ने राैंद डाला। इससे मौके पर ही शौर्य की मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस में बैठे छात्रों को दूसरी बस में बैठाकर विद्यालय तक पहुंचाया।
इधर घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन लखनऊ मार्ग को जाम कर धरने पर बैठ गए। परिजनों की मांग थी कि मृतक छात्र के विद्यालय के चेयरमैन मौके पर आएं तभी वह शांत होंगे। इसके बाद मौके पर विद्यालय के शिक्षक और छात्र आ गए। वह भी घटना का आक्रोश जताते हुए परिजनों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए। सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने आश्वासन देते हुए जाम को खुलवाया।